0

पूर्णिया चुनाव परिणाम 2025: आज होगा 69 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला

By Nov 13, 2025

जागरण संवाददाता, पूर्णिया। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों का इंतजार आज, 14 नवंबर को समाप्त होने जा रहा है। पूर्णिया जिले की सात विधानसभा सीटों कसबा, बनमनखी (अजा), रूपौली, धमदाहा, पूर्णिया, अमौर और बायसी के कुल 69 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज ईवीएम के खुलने के साथ ही हो जाएगा। पिछले करीब एक माह से चल रही चुनावी गहमागहमी पर आज ब्रेक लग जाएगा। जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में गत 11 नवंबर को हुए बंपर मतदान के बाद आज मतों की गिनती की जाएगी।

मतगणना सुबह 8 बजे से पूर्णिया कॉलेज और जिला स्कूल परिसर में बने मतगणना हॉल में शुरू होगी। सुबह 8:30 बजे से परिणाम के शुरुआती रुझान आने शुरू हो जाएंगे, जबकि दोपहर बाद तक चुनाव परिणाम की तस्वीर लगभग साफ होने की उम्मीद है। मतगणना के लिए दोनों केंद्रों पर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गिनती निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी। इसके लिए मतगणना कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। हर विधानसभा क्षेत्र के लिए एक रिटर्निंग ऑफिसर और एक काउंटिंग ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे। उन्होंने सभी प्रत्याशियों और उनके अभिकर्ताओं व समर्थकों से शांतिपूर्ण मतगणना में जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

मतगणना को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। दोनों मतगणना स्थलों पर जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और पुलिस बल के साथ-साथ दंडाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को मतगणना स्थल के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मतगणना परिसर में मोबाइल फोन का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, केवल मीडिया सेंटर में ही इसके उपयोग की अनुमति होगी।

मतगणना के लिए प्रति विधानसभा 14-14 टेबल लगाए गए हैं। सबसे पहले पोस्टल मतों की गिनती की जाएगी, जिसके ठीक आधा घंटा बाद ईवीएम के मतों की गिनती शुरू होगी। मतगणना के बाद प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के पांच-पांच बूथों की वीवीपैट पर्चियों का रैंडम सत्यापन भी किया जाएगा। पूर्णिया कॉलेज में धमदाहा, रूपौली, बनमनखी व अमौर विधानसभा की, जबकि जिला स्कूल में पूर्णिया सदर, कसबा व बायसी विधानसभा की मतगणना होगी।

जिले में सबसे पहले बायसी व कसबा विधानसभा क्षेत्र का चुनाव परिणाम आने की उम्मीद है, जहां मतों की गिनती 25 राउंड तक चलेगी। वहीं, धमदाहा विधानसभा का परिणाम सबसे अंत में आने की संभावना है, क्योंकि यहां सर्वाधिक 393 बूथ होने के कारण 29 राउंड तक गिनती होगी। अमौर व बनमनखी विधानसभा की गिनती 27-27 राउंड तक चलेगी।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें