आगरा के ताजगंज मोक्षधाम में कुत्ते का अंतिम संस्कार करने पर मुकदमा दर्ज | agra news
उत्तर प्रदेश के आगरा में धार्मिक भावनाओं को आहत करने का एक अजीब मामला सामने आया है। शहर के प्रसिद्ध ताजगंज मोक्षधाम में इंसानों के लिए बने श्मशान स्थल पर एक कुत्ते का अंतिम संस्कार किए जाने पर विवाद गहरा गया है। इस घटना से स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों में गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है।
बुधवार को एक परिचित के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे हिंदूवादी नेता अनुपम शर्मा ने मोक्षधाम परिसर में एक जलती हुई चिता पर कुत्ता जलते देखा। उन्होंने जब इसका विरोध किया और प्रबंधन कमेटी से सवाल किया, तो आरोप है कि वहां मौजूद कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट पर उतारू हो गए। मौके पर मौजूद एक कर्मचारी ने यह स्वीकार भी किया कि उक्त कुत्ते का अंतिम संस्कार पूरी तरह से हिंदू रीति-रिवाज के साथ किया गया है।
इस कृत्य को सनातन धर्म और समाज की भावनाओं के खिलाफ बताते हुए शिकायतकर्ता ने ताजगंज थाने में तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने जानकारी दी है कि मोक्षधाम प्रबंधन कमेटी के पदाधिकारियों, प्रबंधकों और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब मोक्षधाम के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपनी जांच आगे बढ़ा रही है, जिसके बाद आगामी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
