कटिहार विधानसभा चुनाव 2025: आज खुलेगा सात सीटों का फैसला, किसकी बनेगी सरकार?
कटिहार, 14 नवंबर: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों की घड़ियाँ आज कटिहार जिले में सियासी सरगर्मी बढ़ा रही हैं। जिले की सात विधानसभा सीटों – कटिहार, कदवा, बलरामपुर, प्राणपुर, मनिहारी (अजजा), बरारी और कोढ़ा (अजा) के भाग्य का फैसला आज हो रहा है। मतगणना का सिलसिला जिला मुख्यालय स्थित तीनगछिया बाजार समिति मतगणना केंद्र पर सुबह आठ बजे से आरंभ हो गया है।
इस बार 11 नवंबर को हुए मतदान ने रिकॉर्ड कायम किया है, जहाँ 79.10 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। इस अप्रत्याशित आंकड़े ने सभी राजनीतिक विश्लेषकों और प्रत्याशियों को असमंजस में डाल दिया है। शहर के चौक-चौराहों से लेकर चाय की दुकानों तक केवल एक ही सवाल गूँज रहा है – कौन बनेगा विजेता? इंटरनेट मीडिया पर भी दावे-प्रतिदावे की बाढ़ आई हुई है, जो चुनावी उत्साह को बेचैनी में बदल चुकी है। प्रत्याशियों की रातें जागते बीतीं, कोई भगवान के दर पर माथा टेक रहा था तो कोई समर्थकों संग अंतिम चुनावी गणित की समीक्षा कर रहा था।
इस चुनाव में महिलाओं की अभूतपूर्व भागीदारी ने चुनावी तस्वीर को और दिलचस्प बना दिया है। पुरुषों की तुलना में 9.56 प्रतिशत अधिक महिलाओं ने मतदान किया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आधी आबादी का यह शांत पर ठोस समर्थन परिणाम की पटकथा बदलने की क्षमता रखता है। आज सुबह जब पहली ईवीएम खुली, तो न सिर्फ प्रत्याशी बल्कि पूरा कटिहार जिला सांस थामे नतीजों का इंतजार कर रहा है।
मतगणना को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा एवं पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने मतगणना कार्य में संलग्न सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग की। डीएम ने जोर देकर कहा कि, “निष्पक्षता, पारदर्शिता और सटीकता ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने मतगणना को निर्वाचन प्रक्रिया का सबसे संवेदनशील चरण बताते हुए सभी को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करने की सख्त हिदायत दी।
मतगणना केंद्र पर त्रिस्तरीय सुरक्षा-व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल, बिहार विशेष सशस्त्र बल और जिला पुलिस बल के जवान तैनात हैं। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। साथ ही, पेयजल, चिकित्सा और शौचालय जैसी सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मतगणना केंद्र के भीतर मोबाइल फोन सहित किसी भी बाहरी वस्तु को ले जाने की अनुमति नहीं है।
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए भी विशेष योजना लागू की गई है। मतगणना दिवस की सुबह 5 बजे से लेकर समाप्ति तक चौधरी मोहल्ला चौक से तिनगाछिया बाजार समिति की ओर आम वाहनों व जनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित है। केवल चुनाव से जुड़े अधिकारी, एजेंट और प्रत्याशी ही अनुमति प्राप्त कर सकेंगे, जिनके वाहनों की पार्किंग के लिए विशेष स्थान निर्धारित किए गए हैं।
