भागलपुर विधानसभा चुनाव परिणाम: 7 सीटों पर आज होगा भाग्य का फैसला
भागलपुर जिले की सात विधानसभा सीटों पर आज, शुक्रवार 14 नवंबर को प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो रहा है। बिहार विधानसभा चुनाव के तहत भागलपुर, सुल्तानगंज, कहलगांव, बिहपुर, गोपालपुर, नाथनगर और पीरपैंती सीटों के लिए मतों की गिनती कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। सुबह ठीक 8 बजे से मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती का कार्य शुरू हो गया है।
मतगणना को लेकर भागलपुर में राजकीय पॉलिटेक्निक, बरारी और महिला आईटीआई, बरारी को केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेराबंदी की गई है। पहले घेरे में केंद्रीय अर्धसैनिक बल, दूसरे घेरे में बिहार सैन्य पुलिस और तीसरे घेरे में जिला पुलिस बल तैनात है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए 60 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और वाच टावर से भी निगरानी रखी जा रही है। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा है कि पूरी पारदर्शिता के साथ मतों की गिनती होगी।
प्रत्येक विधानसभा में ईवीएम के मतों की गिनती के लिए 14 टेबल और पोस्टल बैलेट की गिनती के लिए पांच टेबल लगाए गए हैं, इस प्रकार कुल 21 टेबल पर मतगणना हो रही है। ईवीएम के लिए प्रत्येक टेबल पर तीन मतगणना कर्मी (एक माइक्रो ऑब्जर्वर, एक सुपरवाइजर, एक काउंटिंग असिस्टेंट) और पोस्टल बैलेट के लिए चार कर्मी (एक माइक्रो ऑब्जर्वर, एक सुपरवाइजर, दो काउंटिंग असिस्टेंट) तैनात हैं। भागलपुर विधानसभा क्षेत्र में 28 राउंड की मतगणना होगी, जबकि कहलगांव व पीरपैंती में 30 से 32 राउंड, और गोपालपुर व बिहपुर में लगभग 24 से 26 राउंड की गिनती होगी।
मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई और पहला रुझान सुबह 10 बजे से पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ आने शुरू हो जाएंगे। दोपहर तीन से चार बजे तक सभी प्रत्याशियों की जीत-हार की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। आज जिन वर्तमान विधायकों के भाग्य का फैसला हो रहा है, उनमें बिहपुर से भाजपा के कुमार शैलेंद्र, गोपालपुर से जदयू के बागी निर्दलीय गोपाल मंडल, कहलगांव से भाजपा के बागी निर्दलीय पवन कुमार यादव, भागलपुर से कांग्रेस विधायक अजीत शर्मा और सुल्तानगंज से जदयू के विधायक ललित नारायण मंडल शामिल हैं।
इस बार नाथनगर और पीरपैंती विधानसभा क्षेत्र को नए विधायक मिलना तय है, क्योंकि पीरपैंती के भाजपा विधायक ललन कुमार और नाथनगर के राजद विधायक अली अशरफ सिद्धिकी को टिकट नहीं मिलने के कारण वे चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। भागलपुर में रोहित पांडेय और अजीत शर्मा के बीच, जबकि कहलगांव में जदयू के शुभानंद मुकेश और राजद के रजनीश भारती के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। सुल्तानगंज में जदयू और राजद के बीच ‘तीर’ और ‘लालटेन’ की लड़ाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
पीरपैंती चुनाव परिणाम: भाजपा के मुरारी पासवान ने दर्ज की शानदार जीत!
बिहपुर चुनाव परिणाम 2025: भाजपा और VIP में कांटे की टक्कर, कौन बनेगा विजेता?
सुल्तानगंज में तीर या लालटेन? आज आएंगे चुनावी नतीजे, कड़ी टक्कर जारी
भागलपुर विधानसभा चुनाव परिणाम: रोहित पांडेय और अजित शर्मा के भाग्य का फैसला आज
