दिल्ली हाफ मैराथन के कारण राजधानी में ट्रैफिक डायवर्जन, घर से निकलने से पहले जानें रूट | delhi news
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार को होने वाली प्रतिष्ठित दिल्ली हाफ मैराथन के दौरान सुरक्षा और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। इस बड़े खेल आयोजन में लगभग 40,000 धावकों के हिस्सा लेने की संभावना है, जिसके मद्देनजर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सुबह 4:45 बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन प्रभावी रहेंगे।
मैराथन की शुरुआत जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से होगी। सबसे पहले सुबह 5:18 बजे एलीट पुरुष वर्ग को हरी झंडी दिखाई जाएगी, जिसके बाद क्रमशः महिला वर्ग, एमेच्योर रनर्स, ओपन वेव और पुलिस कप के प्रतिभागी दौड़ेंगे। इसके अलावा दिव्यांग जनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए 2.5 किलोमीटर की विशेष दौड़ सुबह 6:30 बजे शुरू होगी, जबकि 10K, कॉरपोरेट रन और ग्रेट दिल्ली रन का आयोजन अलग-अलग निर्धारित समय पर होगा।
यह 21 किलोमीटर लंबी मैराथन भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, श्री अरबिंदो मार्ग, मथुरा रोड, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, कर्तव्य पथ और सी-हेक्सागन समेत शहर के कई व्यस्त इलाकों से गुजरेगी। इस दौरान अरबिंदो मार्ग-लोधी रोड, क्यू-प्वाइंट, विंडसर प्लेस और तिलक मार्ग जैसे प्रमुख जंक्शनों पर आवाजाही प्रतिबंधित या डायवर्ट रह सकती है।
यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों की रूपरेखा तैयार की है। उत्तर-दक्षिण आवाजाही के लिए रिंग रोड और आश्रम चौक का उपयोग करने की सलाह दी गई है, जबकि पूर्व-पश्चिम यात्रा के लिए डीएनडी फ्लाईओवर और आईटीओ चौक के रास्ते बेहतर विकल्प बताए गए हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे तय समय में अपनी यात्रा की योजना बनाएं ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
