वृद्धाश्रम में एसीपी के गले लगकर फफक पड़ी बुजुर्ग महिला, मिला बेटे जैसा अपनापन | agra news
आगरा के सिकंदरा स्थित रामलाल वृद्धाश्रम में संवेदनशीलता और मानवता की एक अनूठी तस्वीर देखने को मिली है। नवरात्र के पावन अवसर पर एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने वृद्धाश्रम का दौरा किया और वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात की। इस दौरान एक बुजुर्ग महिला ने जब एसीपी को सामने देखा, तो उन्हें उनमें अपने बेटे का अक्स नजर आया। महिला खुद को रोक नहीं पाई और एसीपी के गले लगकर फफक पड़ी।
मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने वृद्ध माताओं को साड़ियां और फल वितरित किए। इस दौरान वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। ऐसे प्रयास समाज के बुजुर्गों को यह अहसास कराते हैं कि वे अकेले नहीं हैं और पूरा समाज उनके साथ खड़ा है।
इस अवसर पर एसीपी बजरंग प्रसाद ने कहा कि महिला सशक्तीकरण का दायरा केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज की हर निराश्रित और वृद्ध मां को सम्मान और अपनापन देना भी हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। इस पहल से वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्हें त्योहार के दिनों में अपनों की कमी महसूस नहीं हुई।
