यूट्यूबर गणेश लाजवाब यादव के खिलाफ आगरा में अश्लील गाना बनाने पर मुकदमा दर्ज | agra news
आगरा में इंटरनेट मीडिया पर परोसे जा रहे अश्लील कंटेंट के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। बिहार के वैशाली जिले से ताल्लुक रखने वाले यूट्यूबर गणेश लाजवाब यादव के विरुद्ध साइबर क्राइम थाने में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एक विशेष समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गाने के विरोध में की गई है।
यूट्यूबर द्वारा प्रसारित किए गए दो मिनट तैंतीस सेकंड के इस गाने के बोलों को लेकर सविता सेन समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला। समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि गाने में उनके पारंपरिक और सैलून व्यवसाय से जुड़े पेशे को बेहद आपत्तिजनक तथा अश्लील तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इस वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर लाखों बार देखा जा चुका है, जिससे समाज के स्वाभिमान को ठेस पहुंची है।
घटना के विरोध में महानगर अध्यक्ष राजीव सविता और पवन सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से मुलाकात की थी। इस दौरान डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए गाने के निर्माण, गायन, लेखन और अपलोडिंग से जुड़े अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच करने की मांग उठाई गई। प्रशासनिक स्तर पर इस तरह के मामलों में त्वरित कार्रवाई होने से साइबर अपराधियों और आपत्तिजनक सामग्री परोसने वालों में हड़कंप मच गया है।
