घर बनाने में लोहे के सरिये की जगह ले रहे हैं ये आधुनिक फाइबर रिबार, जानिए इनकी कीमतें | business news
पारंपरिक रूप से घरों, पुलों और अन्य निर्माण कार्यों की नींव मजबूत करने के लिए हमेशा से लोहे के टीएमटी सरिए का इस्तेमाल किया जाता रहा है। बाजार में सामान्य लोहा 54 से 66 रुपये प्रति किलोग्राम की दर पर आसानी से मिल जाता है। लेकिन निर्माण तकनीक में बदलाव के साथ अब बाजार में कई प्रकार के एडवांस फाइबर रीबार भी आ चुके हैं, जिनमें मुख्य रूप से BFRP, CFRP और AFRP शामिल हैं। आधुनिक निर्माण में इनकी मांग लगातार बढ़ रही है।
बेसाल्ट चट्टानों से बनने वाला BFRP रीबार पानी या नमी के संपर्क में आने पर भी सुरक्षित रहता है और इसमें कभी जंग नहीं लगता है। समुद्री दीवारों, पुलों और अत्यधिक नमी वाले क्षेत्रों में इसका उपयोग किया जाता है, और इसकी कीमत लगभग 140 से 300 रुपये प्रति किलोग्राम होती है। वहीं, कार्बन फाइबर से बना CFRP अपनी अत्यधिक मजबूती और हाई टेंसाइल स्ट्रेंथ के लिए जाना जाता है, जिसकी कीमत 1,000 से 2,500 रुपये प्रति किलोग्राम तक होती है।
इसके अलावा, एरामिड फाइबर यानी AFRP रीबार का उपयोग मुख्य रूप से बुलेटप्रूफ सामग्री जैसी तकनीक आधारित मजबूती के लिए होता है। यह झटका झेलने में सक्षम होता है और इसका उपयोग स्विमिंग पूल, एमआरआई रूम और सीवेज प्लांट जैसे संवेदनशील स्थानों पर किया जाता है, जिसकी कीमत 120 से 300 रुपये प्रति किलोग्राम तक है। इन आधुनिक सामग्रियों के आने से निर्माण कार्यों की उम्र तो लंबी होती ही है, साथ ही यह भवनों को अतिरिक्त सुरक्षा भी प्रदान करते हैं।
