आगरा में दहेज के लिए पत्नी की हत्या कर घर में जलाया शव, यमुना में बहाईं अस्थियां | agra crime news
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के अछनेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव कुकथला में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। पारिवारिक कलह और अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी को मौत के घाट उतार दिया और सबूत मिटाने के लिए उसके शव को घर में ही जलाकर राख कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात ने इलाके के लोगों को स्तब्ध कर दिया है और महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिकंदरा के गांव अकबरा निवासी चांदनी की शादी वर्ष 2022 में कुकथला निवासी लोकेंद्र सोलंकी के साथ हुई थी। दंपती की ढाई साल की एक बेटी भी है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति और उसके परिवार के लोग दस लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर चांदनी को प्रताड़ित कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था।
घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका का मोबाइल लगातार बंद मिलने पर उसके भाई ने ससुराल पक्ष से संपर्क करने का प्रयास किया। घर पर ताला लटका मिलने और कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति लोकेंद्र को हिरासत में ले लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मंगलवार को किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। शव को बाहर ले जाने पर पकड़े जाने के डर से उसने घर के पीछे बाड़े में लकड़ी और उपलों के साथ पेट्रोल डालकर शव को फूंक दिया। इसके बाद बची हुई अस्थियों को लाकर यमुना नदी में प्रवाहित कर दिया ताकि किसी को शक न हो।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, मृतका के भाई की शिकायत पर पति समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल से राख और अवशेष बरामद कर लिए गए हैं जिनका मिलान डीएनए टेस्ट के जरिए कराया जाएगा। इस तरह की घटनाएं समाज में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति और कानून के डर के आभाव को दर्शाती हैं, जिससे आम जनता में गहरा रोष व्याप्त है।
