लापता गिलट कारोबारी की तलाश में खंगाले 180 CCTV, परिजन ने ई-रिक्शा में देखा
मथुरा: राधा कालिंदी कुंज, जयसिंहपुरा निवासी गिलट कारोबारी मनीष अग्रवाल बुधवार रात से रहस्यमय तरीके से लापता हैं। उनकी तलाश में पुलिस की चार टीमें लगातार जुटी हुई हैं और अब तक करीब 180 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा चुके हैं, लेकिन कारोबारी का कोई सुराग नहीं मिल सका है। परिजनों में चिंता बढ़ती जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात मनीष अग्रवाल धौलीप्याऊ निवासी अपने एक दोस्त के यहां से उसके कर्मचारी के साथ नए बस स्टैंड तक आए थे। यहां उन्होंने अपनी स्कूटी बस स्टैंड पर खड़ी की और डिग्गी में मोबाइल, घड़ी के साथ ही चाबी लगी हुई छोड़कर एक ई-रिक्शा में बैठकर चले गए। यह घटनाक्रम सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ है।
पुलिस टीमों ने, सीओ सिटी आशना चौधरी के नेतृत्व में, शुक्रवार को कारोबारी मनीष के परिजनों के साथ बस स्टैंड के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस दौरान उनके भाई विवेक ने फुटेज में मनीष अग्रवाल को ई-रिक्शा में बैठकर भूतेश्वर की ओर जाते हुए देखा और उसकी पुष्टि की। हालांकि, बस स्टैंड से आगे वह कहीं नजर नहीं आए हैं।
पुलिस ने नए बस स्टैंड से हाइवे की ओर और मसानी की ओर जाने वाले मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। अब तक पुलिस बस स्टैंड से इंडस्ट्री एरिया, जयगुरुदेव पंप, महोली रोड से बजरंग धर्मकांटा, गोवर्धन चौराहा, सौंख रोड से मंडी चौराहे तक और मसानी तक के करीब 180 सीसीटीवी फुटेज खंगाल चुकी है। बावजूद इसके, पुलिस को अभी तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है। पुलिस मनीष अग्रवाल के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी निकाल कर उसकी तलाश कर रही है।
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया, “गिलट कारोबारी की तलाश में पुलिस करीब 180 सीसीटीवी खंगाल चुकी है। परिजनों के साथ बस स्टैंड के समीप से सीसीटीवी खंगाले तो उनके भाई विवेक ने कारोबारी मनीष को बस स्टैंड से ई-रिक्शा में बैठ कर जाते देखा। प्रथम दृष्टया वह आराम से गये प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस उनकी सकुशल बरामदगी का प्रयास कर रही है और कारोबारी को शीघ्र बरामद कर लिया जायेगा।” पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है ताकि मनीष अग्रवाल का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके।
