लखनऊ: बलरामपुर अस्पताल में फिर शुरू होगी कार्डियोलॉजी यूनिट, दिल के मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज
लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में आठ साल से बंद पड़ी कार्डियोलॉजी यूनिट एक बार फिर से मरीजों को राहत देने के लिए तैयार है। अस्पताल प्रशासन ने कार्डियोलॉजिस्ट की पुनर्नियुक्ति के बाद इस महत्वपूर्ण यूनिट को फिर से सक्रिय करने का फैसला लिया है। यह निर्णय शहर के हृदय रोगियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है, क्योंकि अब उन्हें गंभीर होने पर दूर के अस्पतालों में रेफर नहीं किया जाएगा।
पहले इस अस्पताल में 25 बेड की एक सुसज्जित कार्डियक यूनिट हुआ करती थी, लेकिन कार्डियोलॉजिस्ट के सेवानिवृत्त होने के बाद यह यूनिट बंद हो गई थी। पिछले आठ सालों में, हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए लोहिया या केजीएमयू जैसे बड़े अस्पतालों में रेफर किया जाता था। 2023 में इकलौते कार्डियोलॉजिस्ट के सेवानिवृत्त होने के बाद ओपीडी सेवाएं भी बंद हो गईं थी।
निदेशक डॉ. बीकेएस चौहान ने बताया कि डॉ. प्रवीन प्रधान की पुनर्नियुक्ति के साथ ही यूनिट को फिर से सक्रिय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज मुहैया कराया जाएगा। इस कदम से न केवल स्थानीय मरीजों को फायदा होगा, बल्कि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार आएगा।
