Lucknow News: बीच-बचाव करने खड़े किशोर को दबंगों ने पीटा, जान से मारने की धमकी
लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे एक किशोर को दबंगों ने बुरी तरह पीट दिया। घटना सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, हरदोई रोड गेट के पास हुई, जहाँ असद अब्बास और अब्दुल्ला के बीच कहासुनी हो रही थी।
पीड़ित किशोर मोहम्मद अयान खान के पिता मोहम्मद इनाम खान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका बेटा विवाद से दूर था, लेकिन जमन, अली हमजा और कुमैल नामक युवकों ने उसे बेवजह गालियां दीं और विरोध करने पर जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। आरोपियों ने किशोर को गंभीर चोटें पहुंचाईं और जाते-जाते उसे इलाके में दोबारा न दिखने की चेतावनी दी, साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। पुलिस ने पिता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी है। ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
