आगरा पुलिस को गैलेंट्री मेडल: दो खूंखार बदमाशों को मुठभेड़ में ढेर करने वाली टीम सम्मानित
आगरा के पुलिसकर्मियों को एक बार फिर उनकी बहादुरी के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। वर्ष 2021 में डॉ. उमाकांत गुप्ता के अपहरण और फिरौती मामले में शामिल दो खूंखार बदमाशों को मुठभेड़ में मार गिराने वाली पुलिस टीम को प्रतिष्ठित गैलेंट्री मेडल से नवाजा गया है। इस साहसिक पुलिस कार्रवाई ने न केवल अपहृत डॉक्टर को सुरक्षित वापस लाने में सफलता पाई, बल्कि शहर में अपराधियों के बीच भय का माहौल भी पैदा किया।
यह घटना 21 जुलाई 2021 की है, जब शहर के विद्या नर्सिंग होम के संचालक डॉ. उमाकांत गुप्ता को एक युवती द्वारा हनी ट्रैप में फंसाने के बाद उसके साथियों ने अगवा कर लिया था। बदमाशों ने डॉक्टर के परिवार से पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डॉक्टर को सकुशल छुड़ा लिया और जवाबी मुठभेड़ में दो कुख्यात बदमाशों, बदन सिंह और अक्षय को मार गिराया। बदन सिंह पर उस समय एक लाख रुपये का इनाम था।
इस बहादुरी भरे ऑपरेशन के लिए तत्कालीन एसएसपी मुनिराज जी, एसपी पश्चिम सत्यजीत गुप्ता, सविलांस प्रभारी इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी प्रशांत चौहान और आदेश त्रिपाठी को पुलिस मेडल फॉर गैलेंट्री प्रदान किया गया है। यह घोषणा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत सरकार द्वारा की गई। जगनेर थाना क्षेत्र के कछपुरा के जंगलों में हुई इस मुठभेड़ में पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय दिया था। वर्तमान में ये अधिकारी अलग-अलग पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
