राहुल गांधी और पप्पू यादव के खिलाफ आगरा में FIR की मांग, धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप
आगरा में अखिल भारत हिंदू महासभा की महिला मोर्चा ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और सांसद पप्पू यादव समेत अन्य लोगों के विरुद्ध थाना सदर में पुलिस को तहरीर दी है। उनका आरोप है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में राम मंदिर दान चोरी का झूठा संदर्भ देकर भगवा वस्त्र, रुद्राक्ष और संत समाज का सार्वजनिक रूप से अपमान किया गया है।
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नीतू ठाकुर ने शिकायत में कहा कि उन्होंने एक वीडियो देखा जिसमें सांसद पप्पू यादव भगवा वस्त्र पहनकर जमीन पर बैठे थे और राहुल गांधी उन्हें दान दे रहे थे। इसके बाद कुछ लोग भगवाधारी व्यक्ति पर चोरी का आरोप लगाकर अभद्र भाषा का प्रयोग करते नजर आए।
नीतू ठाकुर का कहना है कि पवित्र श्रावण मास में राजनीति के लिए भगवा, रुद्राक्ष और संत परंपरा का अनादर करना देश के 100 करोड़ सनातनियों की धार्मिक भावनाओं को आहत करता है और समाज में वैमनस्य पैदा कर सकता है।
हिंदू महासभा ने इस कृत्य को सनातन धर्म को बदनाम करने की साजिश बताते हुए राहुल गांधी, पप्पू यादव और अन्य 25-30 सहयोगियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस घटना से स्थानीय स्तर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने की आशंका जताई गई है।
