आगरा में सीएम की मौजूदगी में चोरों का दुस्साहस, हरीपर्वत थाने के पास तीन दुकानों के ताले तोड़े
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर में होने और पुलिस के पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने के बावजूद चोरों ने रविवार की रात को दुस्साहस दिखाया। हरीपर्वत थाने के बराबर में स्थित अखिलेश टावर में तीन दुकानों के ताले तोड़कर चोरों ने तिजोरियां तोड़ने की कोशिश की। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है।
यह घटना रविवार सुबह तब सामने आई जब क्लीनिक और मेडिकल स्टोर के मालिक अपनी दुकानें खोलने पहुंचे। उन्होंने देखा कि ताले टूटे हुए हैं और चोरों ने अंदर तिजोरी तोड़ने का प्रयास किया है। यह इलाका पुलिस थाने के बहुत करीब है, ऐसे में चोरों के इस दुस्साहस ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। व्यापारियों का कहना है कि पिछले 20 सालों में इस मार्केट में इस तरह की पहली घटना हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
