Lucknow Crime: महिलाओं से सरेराह जेवरात लूट ले गए बदमाश, पुलिस जांच में जुटी
लखनऊ में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। महिगवां और इटौंजा थाना क्षेत्रों में सरेराह महिलाओं से जेवरात और नकदी लूटने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। बाइक सवार बदमाशों ने महिलाओं को डरा-धमकाकर उनके कान के टॉप्स, झाला और चांदी की पायल उतरवा ली। पीड़ित महिलाओं की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है।
पहली घटना महिगवां थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी सूरज कुमारी के साथ हुई। वह अपने मायके से ससुराल लौट रही थीं, तभी भगता खेड़ा के पास दो बदमाशों ने उन्हें रोका और सोने के झाला व चांदी की पायल लूट ली। दूसरी घटना इटौंजा बाजार में शिवपुरी निवासी केशन कुमारी के साथ हुई, जहां एक बदमाश ने उनके कान के सोने के टॉप्स लूट लिए। दोनों ही मामलों में बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस इन घटनाओं को टप्पेबाजी और ठगी से जोड़कर देख रही है, लेकिन लुटेरों की तलाश जारी है।
