आगरा में 10 तेंदुओं की खाल बरामद, वन्यजीव तस्करी का बड़ा खुलासा
आगरा के सैंया थाना क्षेत्र में वन विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए चार वन्यजीव तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों के कब्जे से 10 तेंदुओं की खाल और उनके सिर बरामद हुए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि ये तस्कर मध्य प्रदेश के शिवपुरी से इन खालों को शिकार कर लाए थे और इन्हें दिल्ली व हरियाणा जैसे राज्यों में बेचने की योजना बना रहे थे। इस घटना ने वन्यजीवों के अवैध व्यापार के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा किया है।
वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आगरा-ग्वालियर हाईवे पर स्थित एक होटल में कुछ लोग तेंदुए की खालों के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए होटल में घेराबंदी की और चार संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 10 तेंदुओं की खाल और सिर मिले।
पकड़े गए तस्करों की पहचान भोगीराम, भगत सिंह, सतपाल और गब्बर के रूप में हुई है। उन्होंने कबूल किया कि वे शिवपुरी से खालें लाकर दिल्ली और हरियाणा में बेचते हैं। यह खालें अक्सर घरों की सजावट के लिए इस्तेमाल की जाती हैं, जिससे वन्यजीवों के संरक्षण पर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।
वन विभाग की टीम पिछले दो दिनों से इन तस्करों का पीछा कर रही थी। बुधवार रात को उन्हें आरोपियों के होटल में रुकने की जानकारी मिली थी। टीम के एक सदस्य ने आरोपी के बगल वाले कमरे में रुककर उन पर नजर रखी। गुरुवार शाम को जैसे ही तस्कर होटल से निकलने की कोशिश कर रहे थे, वन विभाग की टीम ने उन्हें धर दबोचा। इसके बाद सैंया पुलिस को सूचना देकर आगे की कार्रवाई के लिए बुलाया गया।
