लखनऊ वीमेंस एसोसिएशन की नई अध्यक्ष चुनी गईं प्रतिमा वाजपेयी, सावन का हुआ स्वागत
लखनऊ वीमेंस एसोसिएशन की सदस्यों ने बुधवार को गीत, संगीत और नृत्य के बीच सावन का स्वागत किया। इस अवसर पर एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन भी संपन्न हुआ। महात्मा गांधी मार्ग स्थित एसोसिएशन के भवन में आयोजित चुनाव प्रक्रिया में प्रतिमा वाजपेयी को अध्यक्ष और अमिता शुक्ला को सचिव चुना गया।
नई कार्यकारिणी में ज्योति कौल को संरक्षिका, मधु माथुर और डॉ. सरोजनी सक्सेना को उपाध्यक्ष, कमल गुप्ता को सह-सचिव, नीलिमा मोहन को कोषाध्यक्ष और कांती गुप्ता को सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अतिरिक्त, रेखा अग्रवाल, सरिता अग्रवाल, मधुबाला, मनोरमा मिश्रा, कनक वर्मा और नीरा मिश्रा को सदस्य चुना गया।
चुनाव के बाद, सदस्यों ने सावन के स्वागत में मनमोहक गीतों की प्रस्तुति दी। सुचिता शुक्ला ने कजरी लोकगीत ‘रिमझिम बरसे बदरिया गुइया गावे रे कजरिया…’ गाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वीना ने ‘सखी री देखो छाये कारे-कारे बदरा…’ सुनाया। रागिनी, मधु तिवारी, वीना पंत, रानी, विमल पंत और मधु माथुर ने भी सावन गीतों से समां बांधा। इस आयोजन से शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है।
