कानपुर: नौबस्ता में युवक की हत्या का आरोप, 4 पर FIR दर्ज
कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में एक युवक की अधमरी हालत में मिलने और रास्ते में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक के छोटे भाई ने इस संबंध में चार लोगों के खिलाफ मारपीट कर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, गंगापुर कॉलोनी निवासी मो. सैफ सोमवार देर रात मेराज बाबा की मजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। आरोप है कि मजार के पास एक मैदान में चार लोगों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। क्षेत्रीय लोगों ने उसे अधमरी हालत में पाया और परिजनों को सूचना दी। जब परिजन उसे इलाज के लिए हैलट अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
