कानपुर: 10 साल से फरार 25 हजार का इनामी हत्यारोपी गिरफ्तार, लूट के इरादे से की थी हत्या
कानपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10 साल से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी हत्यारोपी अमर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी बिधनू थाना क्षेत्र से हुई है। आरोपी पर वर्ष 2016 में लूट के इरादे से एक युवक की हत्या कर शव को बर्रा के बिहारीपुरवा गांव स्थित एक खुले नाले में फेंकने का आरोप है। पुलिस ने घेराबंदी कर शंभुआ रेलवे फाटक अंडरपास के पास से उसे मंगलवार रात पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद हुआ है।
इस घटना का खुलासा डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने किया। उन्होंने बताया कि 30 मई 2016 को बिहारीपुरवा गांव निवासी संग्राम सिंह ने शौच जाते समय नाले में एक नग्न शव देखा था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। कुछ दिनों बाद शव की पहचान घाटमपुर के परौली गांव निवासी श्रीकृष्ण के 22 वर्षीय बेटे रामलखन निषाद के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि रामलखन की हत्या लूट के इरादे से बिधनू के इकघरा गांव निवासी अमर सिंह ने की थी।
हत्या के बाद से ही अमर सिंह फरार हो गया था और पहचान छिपाकर नोएडा में करीब दस साल तक रहा। कुछ महीने पहले ही उसके परिवार के साथ गांव लौटने की सूचना पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया। मंगलवार रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने हत्या के बाद शव को नग्न अवस्था में नाले में फेंकने की बात स्वीकार की है। डीसीपी के अनुसार, आरोपी अमर सिंह के खिलाफ बिधनू, बर्रा और घाटमपुर थानों में हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत 18 मुकदमे दर्ज हैं। इस गिरफ्तारी से शहर में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में पुलिस की सक्रियता जाहिर होती है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
