रेल यात्री से मिले सोने की जांच अब आयकर विभाग भी करेगा, टैक्स चोरी का शक
बादशाहनगर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक रेलयात्री से मिले सोने की जांच अब आयकर विभाग भी करेगा। आरपीएफ ने इस मामले में जीएसटी और आयकर विभाग को सूचित कर दिया था। जीएसटी की टीम ने शनिवार को सोने की जांच कर यात्री से पूछताछ की थी। सोना ले जा रहे यात्री को जमानत पर छोड़ दिया गया है। आरपीएफ के अनुसार, सोमवार को आयकर विभाग की टीम इस संबंध में छानबीन करेगी। अब तक की जांच में यही सामने आ रहा है कि यह सोना संबंधित यात्री ने ‘नंबर दो’ के पैसों से खरीदा था, जिसमें आयकर के साथ जीएसटी की चोरी भी की गई है।
इस घटना से यह स्पष्ट होता है कि अवैध धन के लेन-देन और कर चोरी को रोकने के लिए सरकारी एजेंसियां सतर्क हैं।
वदित हो कि आरपीएफ की टीम ने शुक्रवार को बादशाहनगर रेलवे स्टेशन पर गश्त के दौरान खलीलाबाद निवासी 59 वर्षीय रामदयाल को काले रंग के बैग के साथ पकड़ा था। उसके पास सोने के जेवर मिले थे। यात्री ने बताया कि 28 लाख रुपये के इन जेवरों को चौक में स्थित एक सराफा के यहां से खरीदा है। जेवरों को सील कर मालखाना में जमा करा दिया गया है।
