यूपी में बढ़ा निवेशकों का भरोसा, कानून-व्यवस्था व इंफ्रास्ट्रक्चर बने विकास की नींव: डिप्टी सीएम
उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को गति देने के उद्देश्य से लखनऊ में ‘उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव: विज़न, नीति और क्रियान्वयन’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश का मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और सुदृढ़ कानून व्यवस्था औद्योगिक विकास के लिए एक अनिवार्य नींव बन चुकी है। उन्होंने प्रदेश के विस्तृत एक्सप्रेसवे नेटवर्क, निर्बाध बिजली आपूर्ति और मेडिकल कॉलेजों के विस्तार का विशेष रूप से उल्लेख किया।
उपमुख्यमंत्री ने निवेशकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि योगी सरकार में संगठित अपराध पूरी तरह समाप्त हो चुका है। बेहतर प्रशासन और सुरक्षा के कारण ही निवेशकों का विश्वास बढ़ा है, जिसका प्रमाण है कि प्रदेश में हस्ताक्षरित एमओयू अब तेजी से वास्तविक परियोजनाओं में बदल रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों में हर बड़े लक्ष्य को हासिल करने की अद्भुत क्षमता है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यूपी कृषि और एमएसएमई में देश का अग्रणी राज्य है, जहां तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है। युवा कल्याण विभाग के विशेष सचिव कुमार विनीत ने कहा कि सरकार उद्योगों को आगे बढ़ाने में एक सक्षम सहयोगी की भूमिका निभा रही है। इस दौरान उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भी राज्य सरकार की नीतियों और मजबूत कानून व्यवस्था की सराहना की। इस कॉन्क्लेव का आयोजन निवेशकों के बीच प्रदेश की आर्थिक प्रगति और विकास की संभावनाओं को लेकर विश्वास जगाने के लिए किया गया, जिसका सीधा असर प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा।
