आगरा के युवराज पाराशर की फिल्म ‘गुड़हल’ ओटीटी पर धूम मचा रही है, जानिए क्या है खास
ताजनगरी, आगरा के युवराज पाराशर ने मायानगरी मुंबई में अभिनेता के रूप में अपने करियर की शुरुआत के बाद अब लेखक, निर्देशक और निर्माता के तौर पर अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उनकी हालिया फीचर फिल्म ‘गुड़हल’ अब हंगामा, एयरटेल एक्सस्ट्रीम, टाटा प्ले बिंज और वॉचो जैसे बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर दर्शकों के लिए उपलब्ध है।
युवराज पाराशर ने मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की थी और इसके बाद उन्होंने फैशन, द पास्ट, मोक्ष टू माया और लाइट्स कैमरा मर्डर जैसी फिल्मों में काम किया। उनकी फिल्म ‘लौंडा नाच’ को प्रतिष्ठित मुंबई इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में भी प्रदर्शित किया गया था।
‘गुड़हल’ फिल्म की सबसे खास बात यह है कि इसे युवराज ने स्वयं लिखा, निर्देशित और निर्मित किया है। यह फिल्म वृद्धाश्रमों की अनदेखी दुनिया और अपने ही परिवार द्वारा उपेक्षित बुजुर्गों के दर्द को बेहद संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करती है। यह फिल्म समाज में बुजुर्गों के प्रति बढ़ती उपेक्षा और उनके अकेलेपन पर प्रकाश डालती है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर सकती है।
इस फिल्म में मोना अंबेगांवकर, पूजा सिंह, शहबाज़ खान, सुनीता राजवार, जसवीर कौर और सुधा चंद्रन जैसे मंझे हुए कलाकारों ने अपनी सशक्त अभिनय क्षमता का प्रदर्शन किया है।
