आगरा कैंट स्टेशन पर ट्रेन रोकने पर विवाद: RPF ने DSM को पीटा और प्लेटफॉर्म पर घसीटा
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर रविवार सुबह हीराकुंड एक्सप्रेस के रुकने को लेकर आरपीएफ और डिप्टी स्टेशन मास्टर (डीएसएम) के बीच गंभीर विवाद हो गया। आरपीएफ जवानों ने ट्रेन में चेन पुलिंग के आरोप में एक यात्री को पकड़ा, जिसका डीएसएम नरेंद्र चाहर ने विरोध किया।
डीएसएम का कहना था कि एक महिला यात्री सामान लेने स्टेशन पर उतरी थी और ट्रेन चल देने पर उसे चढ़ाने के लिए गार्ड से बात कर ट्रेन रोकी गई थी। इस दौरान आरपीएफ जवानों ने डीएसएम से कथित तौर पर मारपीट की और उन्हें प्लेटफॉर्म पर घसीटते हुए ले गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया और वे मौके पर जुट गए। करीब आधा घंटे तक स्टेशन पर आरपीएफ जवानों और रेलवे कर्मचारियों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
स्टेशन प्रबंधक प्रवेंद्र प्रकाश ने स्पष्ट किया कि यह मामला चेन पुलिंग का नहीं था। एक महिला यात्री सामान लेने उतरी थी और ट्रेन चलने पर चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थी। डिप्टी स्टेशन मास्टर ने महिला यात्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रेन को रुकवाया था।
वहीं, आरपीएफ जवानों का पक्ष अलग था। उनका कहना था कि ट्रेन में चेन पुलिंग की गई थी और वे यात्रियों को पूछताछ के लिए ले जा रहे थे। इसी बीच डीएसएम वहां पहुंचे और उन पर वसूली का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगे। इस घटना ने रेलवे प्रशासन के भीतर के तनाव को उजागर किया है।
