अम्बेडकर नगर: सरकारी तालाब की जमीन पर बनी दीवार ढहाई, स्थानीय लोगों में हड़कंप
अम्बेडकर नगर के इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के फूलपुर में मंगलवार को प्रशासन की कार्रवाई से गांव में अफरा-तफरी मच गई। नायब तहसीलदार रमेश चंद्र पांडेय के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने तालाब की जमीन पर बनी एक दीवार को बुलडोजर से ढहा दिया। पुष्पा पत्नी संतोष कुमार ने तालाब की जमीन पर दीवार खड़ी कर घर की नींव डाली थी, जिसकी शिकायत गांव के ही राजेश पुत्र विक्रमाजीत ने टांडा तहसील प्रशासन और पुलिस के उच्चाधिकारियों से की थी।
इस शिकायत के आधार पर, टांडा के नायब तहसीलदार रमेश चंद्र पांडेय, कानूनगो श्यामजीत, लेखपाल अखिल कुमार और पुलिस बल की मौजूदगी में रास्ते पर बनी दीवार को गिराया गया।
वहीं, पुष्पा ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि गांव में पांच बीघा तालाब और बंजर भूमि है, और शिकायतकर्ता का खुद का मकान भी तालाब की जमीन में बना है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ उनकी ही दीवार गिराई गई है। नायब तहसीलदार रमेश चंद्र पांडेय ने बताया कि राजेश कुमार द्वारा तहसील दिवस में की गई शिकायत पर आदेश जारी होने के बाद यह कार्रवाई की गई है। इस घटना से सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर लोगों में चर्चा तेज हो गई है।
