लखनऊ: आश्रम पद्धति स्कूलों में भी मिलेगा ‘स्किल ट्रेनिंग’, युवाओं को मिलेगा रोजगार का मौका
उत्तर प्रदेश सरकार ने समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय (आश्रम पद्धति) स्कूलों में भी कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू करने का निर्णय लिया है। यह कदम राज्य के युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। अगले महीने से इन 101 स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए शार्ट टर्म ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किए जाएंगे।
व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कहा कि जिस प्रकार अटल आवासीय स्कूलों में छात्रों को कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा है, उसी तर्ज पर अब इन आश्रम पद्धति स्कूलों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इसमें किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि स्कूलों के साथ-साथ कौशल विकास केंद्रों और आईटीआई में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने युवाओं को उद्योगों की वर्तमान मांग के अनुरूप प्रशिक्षण देने पर बल दिया। इसके लिए अधिक से अधिक शार्ट टर्म और रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने की आवश्यकता बताई गई। सॉफ्ट स्किल, डिजिटल लर्निंग, संवाद कौशल, इंटरव्यू की तैयारी और व्यक्तित्व विकास जैसे पहलुओं पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं की रोजगार क्षमता को और अधिक बढ़ाया जा सके।
