लखनऊ में नशे में धुत ऑटो सवारों ने युवती से की छेड़छाड़, एक गिरफ्तार
लखनऊ के हजरतगंज इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत ऑटो सवार युवकों ने एक युवती और उसके दोस्त के साथ छेड़छाड़ की। यह घटना तब हुई जब युवती अपने दोस्त के साथ स्कूटी पर सवार होकर लौट रही थी। ऑटो सवार युवकों ने पहले तो अभद्र टिप्पणी की और विरोध करने पर युवती से छेड़छाड़ की और उसके दोस्त के साथ धक्का-मुक्की की।
युवती ने जब घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की, तो दो आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने एक को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता खदरा की रहने वाली है और रविवार रात को वह अपने दोस्त के साथ गोमतीनगर से लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में ऑटो में सवार तीन युवक नशे की हालत में मिले और उन्होंने कई बार अभद्र टिप्पणी की।
हजरतगंज में डीएसओ चौराहे के पास जब युवकों ने फिर से अभद्रता की, तो युवती के दोस्त ने स्कूटी रोककर विरोध जताया। इसके बाद ऑटो सवार तीनों युवक उतरे और युवती के दोस्त से हाथापाई करने लगे। जब युवती ने विरोध किया तो उन्होंने उससे छेड़छाड़ की। उसने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया तो दो युवक भाग निकले।
बढ़ता बवाल देखकर ऑटो चालक ने पुलिस को सूचना दी। हजरतगंज पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक, जिसकी पहचान गौरव शुक्ला के रूप में हुई, को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए आरोपी ने छेड़छाड़ की बात से इनकार किया और कहा कि विवाद स्कूटी से ऑटो के टकराने को लेकर हुआ था। पुलिस गौरव से पूछताछ कर रही है और फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर गौरव और दो अन्य युवकों के खिलाफ छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी गौरव और ऑटो चालक से भी जानकारी ली गई। पता चला है कि गौरव समिट बिल्डिंग से पार्टी करके आ रहा था और उसने रैपिडो से ऑटो बुक किया था। शेयरिंग ऑटो में दो अन्य युवक भी बैठ गए थे, जो एक-दूसरे को नहीं जानते थे। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। इस घटना ने शहर में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
