आगरा में बाइक-स्कूटी पर खतरनाक स्टंट, ट्रैफिक पुलिस ने काटा 37,500 का भारी चालान: 37500 fine for dangerous stunts on bike-scooty in Agra
आगरा में यातायात नियमों को तोड़ते हुए युवकों ने बाइक और स्कूटी पर हैरतअंगेज स्टंट किए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने बाइक पर उल्टा बैठकर स्टंट करने वाले युवक और तीन सवारी वाली स्कूटी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
यह स्टंटबाजी ताजमहल के पास की बताई जा रही है, जहां एक युवक आर वन-5 बाइक पर खतरनाक तरीके से करतब दिखा रहा था। उसके साथी स्कूटी पर तीन लोग सवार होकर चल रहे थे। इस दौरान किसी ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में दिख रहा है कि बाइक चला रहा युवक तो हेलमेट पहने हुए है, लेकिन स्टंट करने वाला युवक और स्कूटी सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।
पुलिस ने वाहनों के नंबरों के आधार पर मालिकों की पहचान की। बाइक मालिक अनुपम का 18,500 रुपये का चालान काटा गया, क्योंकि बाइक का बीमा भी नहीं था। वहीं, स्कूटी मालिक आशिक खान का 19,000 रुपये का चालान किया गया। डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि दोनों वाहनों को जब्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे स्टंट जानलेवा साबित हो सकते हैं और यातायात नियमों का पालन करना सभी की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
