पश्चिम बंगाल से आशियाना का गैंगस्टर गिरफ्तार, करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला
आशियाना पुलिस ने पश्चिम बंगाल से एक बड़े गैंगस्टर सुधेन्दु सरकार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर जमीनों की खरीद-फरोख्त के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर आर्थिक लाभ कमाने का गंभीर आरोप है। इस गिरफ्तारी से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है, क्योंकि ऐसे अपराधों से आम जनता की गाढ़ी कमाई पर असर पड़ता है।
इंस्पेक्टर आशियाना छत्रपाल सिंह ने बताया कि सुधेन्दु सरकार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के हुगली जनपद के चीनसुरा रामा कृष्ण पल्ली का निवासी है। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। आरोपी की लोकेशन का पता चलने के बाद 15 जून को पुलिस की एक टीम पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुई थी। वहां चीनसुरा थाने की स्थानीय पुलिस की मदद से 17 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस टीम आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर वापस लौटी। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। इंस्पेक्टर के अनुसार, सुधेन्दु और उसके गिरोह के सदस्य जमीनों की खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी करते थे। आशियाना थाने में वर्ष 2023 में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
