लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट, Metro City के लोग परेशान
लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। गुरुवार को शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। मेट्रो सिटी के पेपर मिल कॉलोनी में दोपहर तीन घंटे तक बिजली न आने से लोग परेशान रहे। इंदिरानगर सेक्टर-20 में रात 9:30 बजे से 11 बजे तक बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाईं। सर्वोदय नगर में सुबह 9 से 12 बजे तक बिना सूचना के बिजली गुल रहने से गुस्साए लोगों ने विरोध जताया। डिफेंस कॉलोनी में कंडक्टर जलने के कारण भी लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रही।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी चिंताजनक रही। इटौंजा के अटेसुआ गांव में मंगलवार से जला पड़ा ट्रांसफार्मर अभी तक बदला नहीं गया है, जिससे ग्रामीणों को पानी और गर्मी दोनों से भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। महोना में भी 400 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया था, हालांकि विभाग ने ट्राली ट्रांसफार्मर लगाकर वैकल्पिक व्यवस्था की और देर रात आपूर्ति बहाल कर दी गई। इस बिजली संकट का सीधा असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है, खासकर गर्मी में पेयजल और अन्य दैनिक कार्यों में बाधा आ रही है।
