लखनऊ में BJP Foundation Day पर कार्यकर्ताओं का सम्मान, पंकज चौधरी बोले- कार्यकर्ता ही सर्वोपरि
भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में 300 से अधिक वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया। इस गौरव सम्मान समारोह में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि यह केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि इस बात का सशक्त संदेश है कि भारतीय जनता पार्टी में कार्यकर्ता ही सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि पार्टी की यह यात्रा आसान नहीं रही, लेकिन कार्यकर्ताओं के संघर्ष, तप, त्याग और समर्पण से संगठन आज एक विशाल वटवृक्ष बन गया है।
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता कोई साधारण राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं है, बल्कि वह उस राष्ट्रवादी विचारधारा का वाहक है जो राष्ट्र को सर्वोपरि मानती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही सरकार और जनता के बीच सबसे मजबूत सेतु है, जो सरकार की योजनाओं को जनता तक और जनता की अपेक्षाओं को सरकार तक पहुंचाता है। उन्होंने स्मरण कराया कि कभी मात्र दो लोकसभा सीटों से शुरुआत करने वाली पार्टी आज केंद्र में लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार चला रही है, जो पीढ़ियों के संघर्ष और लाखों कार्यकर्ताओं के समर्पण का परिणाम है।
इस अवसर पर पंकज चौधरी ने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के लिए राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल से अधिक उपयुक्त स्थान और कुछ हो ही नहीं सकता था। उन्होंने कहा कि यह स्थल हमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ‘एक देश, एक विधान’ के संकल्प, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन और श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के सुशासन की याद दिलाता है।
स्थापना दिवस के मौके पर अवध पर पार्टी के जिला कार्यालय पर भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाध्यक्ष विजय मौर्य ने ध्वजारोहण कर कार्यकर्ताओं को महापुरुषों के पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया। इस दौरान 7 से 12 अप्रैल तक चलने वाले ‘गांव चलो अभियान’ की रूपरेखा साझा की गई, जिसमें कार्यकर्ता चिह्नित गांवों में घर-घर जाकर जनसंपर्क करेंगे और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करेंगे।
