सेवा सुरक्षा बहाली के लिए UP teachers protest, लखनऊ में शिक्षकों ने भरी हुंकार
लखनऊ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) ने सेवा सुरक्षा बहाली की मांग को लेकर लखनऊ के इको गार्डन में बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदेश भर से आए हजारों शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कहा कि सेवा सुरक्षा से जुड़ी धारा 21, धारा 18 और धारा 12 को समाप्त किए जाने के बाद उनकी स्थिति बेहद कमजोर हो गई है। शिक्षकों का आरोप है कि इन प्रावधानों के हटने से वे अब प्रबंध तंत्र के दबाव में काम करने को मजबूर हैं और उनके अधिकार लगातार सीमित होते जा रहे हैं।
संगठन के पदाधिकारियों ने रैली के दौरान आरोप लगाया कि वेतन, भत्ते, तबादले और नियुक्ति की प्रक्रिया में भारी अनियमितताएं हैं, जिसके कारण उनका लगातार शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक पिछले लगभग दो वर्षों से सेवा सुरक्षा बहाली की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन और विभागीय अधिकारी इस मुद्दे पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं।
संगठन की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित 25 सूत्रीय मांग पत्र भी भेजा गया। इन मांगों में अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों का राजकीयकरण, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, शिक्षकों के लिए स्वास्थ्य बीमा की व्यवस्था, और वेतन व भत्तों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना शामिल है। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
