कानपुर देहात में भीषण सड़क हादसा, लोडर की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
कानपुर देहात में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार अधेड़ की मौत हो गई। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के कृपालपुर गांव के पास कानपुर-औरैया हाईवे पर यह घटना हुई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गदाईखेड़ा निवासी 55 वर्षीय राम औतार रविवार सुबह साइकिल लेकर अकबरपुर जा रहे थे। हाईवे पार करते समय कानपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राम औतार गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अकबरपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। राम औतार की मौत की खबर सुनते ही मेडिकल कॉलेज पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी सरोज देवी और पुत्र राजीव व संजीव का रो-रोकर बुरा हाल है।
अकबरपुर कोतवाल हरमीत सिंह ने बताया कि लोडर चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
