झांसी में नशे में धुत बेटे की लात से पिता की मौत, `Jhansi crime news`
झांसी जिले के मऊरानीपुर कस्बे में एक नशेड़ी बेटे के उपद्रव ने पिता की जान ले ली। गुरुवार देर रात नशे की हालत में घर लौटे बेटे रवि अहिरवार ने परिजनों से झगड़ा किया। मामला शांत होने के बाद सभी सोने चले गए, लेकिन आधी रात के बाद रवि ने फिर से हंगामा शुरू कर दिया। उसने घर के दरवाजे को खोलने के लिए जोर-जोर से पीटना शुरू कर दिया और पत्थर भी मारे।
इसी दौरान 55 वर्षीय पिता मुन्नालाल दरवाजा खोलने के लिए उठे। जैसे ही वह दरवाजा खोलने लगे, रवि ने दरवाजे पर जोर से लात मारी। लात लगने से दरवाजा तेजी से मुन्नालाल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुन्नालाल जमीन पर गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी कुसुम अहिरवार ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा रवि उपद्रवी प्रवृत्ति का है और अक्सर झगड़ा करता रहता है। उन्होंने अपने बेटे पर ही पति की गैर इरादतन हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।
