कानपुर मंदिर से 2 मिनट में 7 मुकुट चोरी, हेलमेट पहनकर आया चोर
कानपुर के घंटाघर चौराहे पर स्थित श्री सिद्धि विनायक गणेश मंदिर से शनिवार सुबह चांदी के सात मुकुट चोरी हो गए। इस घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है, क्योंकि यह सीधे तौर पर आस्था पर चोट है।
मंदिर प्रबंधन ने पुलिस से शिकायत की है। मंदिर में लगे कैमरों के फुटेज खंगाले गए तो एक युवक महिला और बच्चे के साथ मंदिर के पास पहुंचा। इसके बाद वह अकेला ही अंदर आया और मुकुट निकालकर चला गया। मंदिर के सर्वराकार सुधीर गुप्ता के अनुसार, द्वितीय तल में गणेशजी की आठ मूर्तियां हैं, जिनमें चांदी के मुकुट लगे थे। शनिवार शाम को जब वह मंदिर पहुंचे तो सात मूर्तियों के मुकुट गायब थे।
फुटेज के मुताबिक, शनिवार सुबह 9:48 बजे एक व्यक्ति दूसरे तल पर पहुंचा और सात मुकुट लेकर दो मिनट के अंदर चला गया। मुकुटों की कीमत करीब तीन लाख रुपये है। हरबंश मोहाल थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। उसने हेलमेट पहन रखा था, इस वजह से चेहरा नजर नहीं आ रहा है।
मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोगों ने बताया कि दो दिन से पुजारी छुट्टी पर हैं। आशंका है कि चोर को इसकी खबर थी। इसी बात का फायदा उठाकर वह दूसरे तल पर पहुंचा और मुकुट चोरी कर फरार हो गया। वारदात से लग रहा कि वह पहले से मंदिर में रेकी कर रहा था।
सुरक्षा पर उठे सवाल
मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षाकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सुरक्षाकर्मी होने के बावजूद हेलमेट लगाकर चोर कैसे अंदर चला गया और वारदात को अंजाम देने के बाद वह मंदिर के नीचे मौजूद एक सुरक्षाकर्मी से कुछ देर बात भी करता है। ऐसे में प्रबंधन ने सुरक्षाकर्मियों पर भी संदेह जताया है।
