कानपुर: जीआरपी ने कोर्ट के आदेश पर 14 किलो से अधिक नशीले पदार्थ किए नष्ट, लाखों की कीमत
By
Apr 3, 2026
कानपुर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए नशीले पदार्थों को नष्ट किया है। जीआरपी ने अलग-अलग मामलों में पकड़े गए 14 किलो से अधिक मादक पदार्थों को बुधवार को भैरव घाट स्थित विद्युत शवदाह गृह में जलाकर नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की गई, जिससे जनता को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओमनारायण सिंह ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत 2007 से 2021 तक के 86 मामलों से संबंधित यह मादक पदार्थ कोर्ट के आदेश पर नष्ट किए गए। इस प्रक्रिया में ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्य, जीआरपी के जवान और विद्युत शवदाह गृह के कर्मचारी भी मौजूद रहे। नष्ट किए गए मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
अगली खबरें
