आगरा कैंट रोड जलभराव से मुक्ति: ₹1 करोड़ से बनेगा नाला
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग पर लंबे समय से जलभराव और गड्ढों की समस्या से लोगों को जल्द ही निजात मिलेगी। नगर निगम अटल चौक से श्रीराम चौक तक लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से नाला निर्माण का कार्य शुरू करने जा रहा है। इस नाला निर्माण के पूरा होने से जल निकासी की समस्या खत्म हो जाएगी, जिससे सड़क की स्थिति में भी सुधार आएगा।
बता दें कि नाला न होने के कारण बारिश के मौसम में सड़क पर पानी भर जाता था, जिससे मछली मार्केट और मुर्गा मार्केट के सामने सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। जगह-जगह बड़े गड्ढे बनने से आगरा कैंट स्टेशन जाने वाले यात्रियों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए अधिशासी अभियंता दीपांकर सिंह ने क्षेत्रीय पार्षद राकेश कन्नौजिया और स्थानीय नागरिकों के साथ मौके का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि पहले सड़क पर गड्ढे कई बार भरवाए गए थे, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा था। इस नाला निर्माण से क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
