कानपुर में बजरंग दल नेता की चेतावनी: ‘किसी जिहादी की दुकान नहीं लगने देंगे’
कानपुर में तपेश्वरी मंदिर के बाहर दुकानें लगाने को लेकर शनिवार रात बजरंग दल के नेता शिवम सोनकर के बयान से माहौल गरमा गया। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी ‘जिहादी’ को मंदिर के बाहर दुकान नहीं लगाने दी जाएगी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस से भी कार्यकर्ताओं की नोकझोंक हुई, लेकिन पुलिस ने मामला शांत कराया। शिवम सोनकर ने बताया कि विशेष समुदाय के लोग हिंदुओं की दुकानों को हटाकर खुद वहां सामान बेचने की धमकी दे रहे थे, इसी के विरोध में उन्होंने यह बात कही। उन्होंने यह भी बताया कि नवरात्र से पहले पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन देकर मंदिर के आसपास दूसरे पक्ष की दुकानें न लगने देने की मांग की गई थी।
वहीं, एसीपी कोतवाली आशुतोष सिंह ने बताया कि दुकान लगाने को लेकर मामूली विवाद हुआ था। परंपरागत दुकानें जहां लगती हैं, वहीं लग रही हैं। किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है, फिर भी मामले की जांच की जा रही है।
