जावेद के ऑलराउंड प्रदर्शन से पटेल प्रापर्टीज CCL-8 फाइनल में, Kanpur cricket league
कानपुर क्रिकेट लीग (सीसीएल-8) का दूसरा क्वालीफायर मुकाबला पटेल प्रापर्टीज और बीसीए लीजेंड्स के बीच खेला गया, जिसमें पटेल प्रापर्टीज ने शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। इस महत्वपूर्ण मैच में मो. जावेद का ऑलराउंड प्रदर्शन निर्णायक साबित हुआ, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए बीसीए लीजेंड्स की टीम 26.5 ओवर में 171 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से लविश श्रीवास्तव ने 47, अब्दुल रहमान ने 46 और धर्मेंद्र यादव ने 24 रन बनाए। पटेल प्रापर्टीज की ओर से गेंदबाजी में मो. जावेद ने तीन विकेट लिए।
172 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पटेल प्रापर्टीज ने 17.5 ओवर में तीन विकेट खोकर 173 रन बनाकर मैच जीत लिया। बल्लेबाज अंकुर पांडे ने 61 और आशीष बाजपेई ने 59 रन की अर्धशतकीय पारियां खेलीं। मो. जावेद ने नाबाद 32 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। सौरभ दीवान ने बीसीए लीजेंड्स के लिए दो विकेट लिए। इस जीत के साथ पटेल प्रापर्टीज ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है, जिससे शहर में क्रिकेट का माहौल और भी गर्म हो गया है।
