UP Board result: शहर में 6 लाख कॉपियों की जांच शुरू, मूल्यांकन केंद्रों पर सख्ती
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन मंगलवार से शुरू हो गया है। शहर के पांच केंद्रों पर 6 लाख से अधिक कॉपियों की जांच की जाएगी। पहले दिन उप प्रधान परीक्षकों ने आदर्श कॉपियों का मूल्यांकन किया, जबकि बुधवार से विधिवत मूल्यांकन कार्य शुरू होगा।
मूल्यांकन के लिए शहर में कुल पांच केंद्र बनाए गए हैं। इंटरमीडिएट की करीब 3,19,869 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच बीएनएसडी इंटर कॉलेज, एबी विद्यालय और सुभाष इंटर कॉलेज में होगी। हाईस्कूल की 3,20,000 कॉपियों का मूल्यांकन राजकीय इंटर कॉलेज चुन्नीगंज और डीएवी कॉलेज में किया जाएगा।
इस बार मूल्यांकन प्रक्रिया में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। पहली बार अंकेक्षण (ऑडिट) कार्य में प्रधानाचार्यों को लगाया गया है। इसके अलावा, परीक्षकों की अनुपस्थिति में वैकल्पिक शिक्षकों को बुलाने के लिए ‘केमुआ 09’ व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है। अब एक वेटिंग लिस्ट तैयार की गई है, जिससे जरूरत पड़ने पर शिक्षकों को बुलाया जा सके।
मूल्यांकन कार्य की निगरानी के लिए हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। परीक्षकों को ऑनलाइन पहचान पत्र जारी किए गए हैं और उन्हें मूल्यांकन के दौरान मोबाइल फोन साथ रखने की अनुमति नहीं होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी केंद्रों के उप नियंत्रकों के साथ बैठक कर दिशा-निर्देश दिए हैं।
