Kanpur Dehat check dam scam: कमिश्नर की टीम ने जांच में पकड़ीं बड़ी खामियां, अधूरे काम का हुआ था भुगतान
कानपुर देहात में लघु सिंचाई विभाग द्वारा बनवाए गए चेक डैम में बड़े घोटाले की आशंका है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में रिंद और सेंगर नदियों पर बने चेक डैम की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने के बाद कमिश्नर ने जांच टीम गठित की थी। मंगलवार को यह टीम जिले में पहुंची और रतनपुर चेक डैम का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम को यहां निर्माण कार्य में कई गंभीर खामियां मिली हैं।
दरअसल, जिले के रतनपुर खास, सुंदरपुर गजान, बड़ापुर निगोहिया और डेरापुर के फत्तेपुर में चेक डैम बनाए गए थे। इनमें रतनपुर खास चेक डैम में सबसे ज्यादा गड़बड़ी की शिकायतें थीं। आरोप है कि इन चेक डैम में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया और निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही 31 मार्च को भुगतान कर दिया गया। विभागीय एक्सईएन ने खुद 21 मार्च को निरीक्षण में काम को मानक विहीन पाया था, लेकिन बाद में एक समिति बनाकर अधूरे काम का भुगतान कर दिया गया।
इस मामले में लगातार किरकिरी होने के बाद सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने भी टीएसी (टेक्निकल एडवाइजरी कमेटी) से जांच कराने की मांग की थी। इसके बाद डीएम ने कमिश्नर को पत्र भेजा। कमिश्नर ने अपर आयुक्त वित्त प्रदीप कुमार की अगुवाई में एक जांच टीम गठित की। इस टीम में पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार सिंह और कन्नौज के डीडीओ नरेंद्र देव द्विवेदी भी शामिल थे। टीम ने मंगलवार को रतनपुर चेक डैम का निरीक्षण किया और खामियां पाईं। अब टीएसी की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की उम्मीद है।
