अलीगढ़: पंचायत घर में प्रधान और सहायक के बीच मारपीट, वायरल हुआ वीडियो वायरल
अलीगढ़ के लोधा ब्लॉक स्थित जतनपुर चिकावटी गांव के पंचायत घर में मंगलवार को ग्राम प्रधान और पंचायत सहायक के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों में मारपीट हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है और दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
विवाद की जड़ क्या है?
ग्राम प्रधान नीतू देवी और पंचायत सहायक अंजलि के बीच लंबे समय से कार्यशैली को लेकर विवाद चल रहा था। प्रधान पक्ष का आरोप है कि पंचायत सहायक सरकारी कंप्यूटर और अन्य सामान अपने घर ले गई थी और उसका निजी उपयोग कर रही थी। प्रधान के पति ने जब सचिवालय समय पर खोलने को लेकर सवाल किया, तो पंचायत सहायक भड़क गई और अभद्र व्यवहार करने लगी।
पंचायत सहायक के आरोप
वहीं, पंचायत सहायक अंजलि का कहना है कि प्रधान पति जयप्रकाश अक्सर सचिवालय में आकर हस्तक्षेप करते हैं और दबाव बनाते हैं। अंजलि ने आरोप लगाया कि मंगलवार को भी प्रधान पति ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मनमानी करने को कहा। विरोध करने पर उन्होंने गाली-गलौज की और बाद में प्रधान नीतू देवी को बुलाकर मारपीट कराई। अंजलि ने यह भी आरोप लगाया कि उसे रिश्वत देने का दबाव बनाया जा रहा था और मना करने पर प्रताड़ित किया जा रहा है ताकि वह नौकरी छोड़ दे।
वायरल वीडियो में क्या है?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पंचायत घर के अंदर बहस के बाद मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो में प्रधान पति कुर्सी पर बैठकर मोहर लगाते नजर आते हैं, तभी विवाद बढ़ता है और कुछ ही देर में दोनों पक्षों की महिलाएं आपस में भिड़ जाती हैं। बीच-बचाव के दौरान पंचायत सहायक नीचे गिरती भी दिखाई देती है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों को हल्की चोटें आई हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
