अलीगढ़ में बेखौफ चोरों का आतंक, कोटेदार की आंखों के सामने बाइक चोरी (Aligarh crime news)
अलीगढ़ के हरदुआगंज क्षेत्र में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को कस्बे के रामघाट रोड पर एक राशन डीलर की बाइक दिनदहाड़े चोरी हो गई। चोर ने यह वारदात कोटेदार की आंखों के सामने ही अंजाम दी। यह घटना भगवानदास अस्पताल के पास हुई, जो पुलिस थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है।
पीड़ित राशन डीलर शहजाद आलम ने बताया कि वह अपनी बाइक खड़ी करके दुकान पर खड़े थे। चोर धीरे से आया और उनकी आंखों के सामने ही बाइक स्टार्ट करके फरार हो गया। पूरी घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोर कितनी बेखौफी से वारदात को अंजाम देता है। शहजाद और अन्य लोगों ने चोर का पीछा भी किया, लेकिन वह तेजी से बाइक लेकर भाग निकला।
इस घटना ने क्षेत्र के लोगों में दहशत पैदा कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तीन महीनों में हरदुआगंज में पैठ, मैरिज होम्स और अन्य स्थानों से करीब एक दर्जन वाहन चोरी हो चुके हैं। इनमें से कई मामले पुलिस रिकॉर्ड में भी दर्ज हैं, लेकिन पुलिस न तो चोरों को पकड़ पाई है और न ही चोरी हुए वाहनों को बरामद कर पाई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने बाइक की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन लगातार हो रही वारदातों से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
