Lucknow airport पर 8.55 करोड़ का गांजा जब्त, मस्कट से आए यात्री को पकड़ा गया
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। अधिकारियों ने मस्कट से लखनऊ पहुंचे एक यात्री के पास से 8.55 करोड़ रुपये मूल्य का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है। यह कार्रवाई खुफिया इनपुट के आधार पर की गई, जिसके बाद यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यह घटना तब सामने आई जब ओमान एयर की उड़ान (WY 265) से आए एक संदिग्ध यात्री के सामान की जांच की गई। अधिकारियों ने यात्री के काले-भूरे रंग के बैकपैक की तलाशी ली, जिसमें 17 पारदर्शी वैक्यूम पॉलीबैग छिपाए गए थे। इन पैकेटों को कैमलिन कार्बन पेपर में लपेटा गया था ताकि स्कैनर से बचने की कोशिश की जा सके।
जांच में इन पैकेटों के अंदर हरे रंग का एनडीपीएस पदार्थ पाया गया, जिसकी पहचान हाइड्रोपोनिक गांजा (hydroponic cannabis) के रूप में हुई है। जब्त किए गए पदार्थ का कुल वजन 8.552 किलोग्राम है। सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 8.55 करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी यात्री के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 43 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
