कानपुर में सिलेंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़, 46 सिलेंडर जब्त, आरोपी पर FIR दर्ज (Kanpur news)
कानपुर के ग्वालटोली क्षेत्र में जिला पूर्ति विभाग की टीम ने सिलेंडर की कालाबाजारी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। टीम ने छापेमारी के दौरान इकबाल नामक व्यक्ति के घर से कुल 46 सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई गैस की बढ़ती किल्लत के बीच की गई है, जहां आरोपी घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर कमर्शियल सिलेंडरों में भरकर ऊंचे दामों पर बेच रहा था।
जिला पूर्ति निरीक्षक अपराजिता सिंह द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, ग्वालटोली निवासी इकबाल के घर पर छापेमारी की गई। टीम को यहां 8 खाली और 9 भरे हुए कमर्शियल सिलेंडर मिले। इसके अलावा 8 खाली और 21 भरे हुए घरेलू सिलेंडर भी बरामद हुए। छापेमारी के दौरान मौके से 6 रिफलर और एक धर्मकांटा (वजन मापने की मशीन) भी मशीन) भी) भी जब्त किया गया, जिसका उपयोग गैस की चोरी और कमर्शियल सिलेंडरों में भरने के लिए किया जा रहा था।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी इकबाल लंबे समय से इस अवैध धंधे में लिप्त था। वह घरेलू गैस सिलेंडरों से गैस निकालकर कमर्शियल सिलेंडरों में भरकर मुनाफा कमा रहा था। ग्वालटोली थाना प्रभारी ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
