Kanpur Dehat accident: हाईवे पर लोडर ने 10 साल के बच्चे को कुचला, मौके पर मौत
By
Mar 16, 2026
कानपुर देहात के रानियां थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार लोडर ने 10 वर्षीय बच्चे को कुचल दिया। यह घटना कानपुर-औरैया हाईवे पर रायपुर में हुई। बच्चा नमकीन लेने के लिए सड़क पार कर रहा था।
मृतक बच्चे की पहचान शिवम (10) के रूप में हुई है, जो उन्नाव के ककरौरा गांव का रहने वाला था। उसके पिता नरेश कुमार रायपुर की एक फैक्ट्री में काम करते हैं और परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं।
हादसे के बाद परिजन बच्चे को गंभीर हालत में अकबरपुर मेडिकल कॉलेज ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। रानियां थाना प्रभारी दिनेश गौतम ने बताया कि पिता की तहरीर पर लोडर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
