Lucknow news: लखनऊ के इन इलाकों में कल 1 लाख से अधिक लोगों को झेलनी पड़ेगी बिजली कटौती
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को बिजली संकट गहराने वाला है। लेसा (LESA) ने शहर के विभिन्न बिजली उपकेंद्रों से जुड़े तारों और पोलों की मरम्मत, पेड़ों की डालियों की छंटाई और ट्रांसफार्मर की मरम्मत के लिए शटडाउन की घोषणा की है। इसके चलते शहर के एक लाख से अधिक लोगों को शनिवार को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा।
इससे पहले शुक्रवार को भी राजधानी लखनऊ के मोहान रोड स्थित शकुंतला मिश्रा बिजली उपकेंद्र से करीब 9 घंटे बिजली सप्लाई बंद रही। इंजीनियरों ने फीडर बदलने के लिए पांच घंटे बिजली बंद रहने की सूचना दी थी, लेकिन यह कटौती 9 घंटे तक चली। उपकेंद्र से जुड़े सभी 6 फीडर बंद रहे, जिससे करीब 50 हजार की आबादी सीधे प्रभावित हुई। सुबह 10:30 बजे काटी गई बिजली रात 7:30 बजे के बाद बहाल हुई। लोगों को सबसे ज्यादा संकट पानी का झेलना पड़ा।
लेसा के अनुसार, शनिवार को कई महत्वपूर्ण इलाकों में मरम्मत कार्य किया जाएगा। अहिबरनपुर पावर हाउस के पक्का पुल फीडर से जुड़े तारों से होकर गुजरे पेड़ों की डालियों की कटाई की जानी है। इसके कारण प्रातः 11:00 से दोपहर 03.00 बजे तक नानकशाही मठ ट्रांसफार्मर की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
इसी तरह, 33/11 उपकेंद्र कपूरथला के अंतर्गत 11 केवी एलडीए फीडर पर जर्जर एचटी तारों को बदलने और लाइन से लगने वाली पेड़ की डालियों की छंटाई का कार्य किया जाएगा। यह कार्य शनिवार प्रातः 10:00 से दोपहर 04.00 बजे तक चलेगा, जिससे एमआईजी, एचआईजी मिर्ज़ा बाग़, चंद्रलोक एवं रविन्द्र गार्डन के आसपास के क्षेत्र की आपूर्ति बाधित रहेगी।
अहिबरनपुर पावर हाउस के अंतर्गत 11 केवी शिव लोक फीडर, 400 केवीए नौगजी मजार ट्रांसफार्मर पर भी मरम्मत का कार्य किया जाना है। शनिवार को होने वाले इस कार्य के लिए प्रातः 11:00 से दोपहर 12.30 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा।
लखनऊ के जिन इलाकों में कटौती का शेड्यूल जारी किया गया है, वहां के लोगों को सलाह दी गई है कि वे कटौती से पहले अपने आवश्यक काम निपटा लें और पानी स्टोर कर लें, ताकि कटौती के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
