Aligarh Police: एसएसपी ने की पैदल गश्त, नागरिकों से लिया सुरक्षा का फीडबैक
अलीगढ़ एसएसपी नीरज जादौन ने शुक्रवार शाम को पुलिस बल और आरएएफ के साथ शहर के कई संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त की। इस गश्त का उद्देश्य नागरिकों के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और अपराध पर अंकुश लगाना था।
एसएसपी जादौन ने रसलगंज चौराहे से शुरुआत करते हुए बारहद्वारी चौराहा, अब्दुल करीम चौराहा, फूल तिराहा, कुंजीलाल तिराहा, जयगंज रोड, सासनीगेट चौराहा, हाथरस अड्डा, मदारगेट चौराहा और बस स्टैंड तक के मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का दौरा किया।
गश्त के दौरान, एसएसपी ने बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने लोगों से सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया और उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से भी सतर्क और सजग रहने की अपील की।
एसएसपी ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लगातार भ्रमणशील रहें और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखें। इस दौरान एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक और सीओ तृतीय सर्वम सिंह समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
