Aligarh news: विकास कार्यों में घोटाले पर ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित, FIR दर्ज
अलीगढ़ में ग्रामीण विकास कार्यों के नाम पर बड़े पैमाने पर घोटाले सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में, अकराबाद और अंडला ब्लॉक में तैनात रहे ग्राम पंचायत अधिकारी दीपक कुमार शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। उन पर विकास कार्यों में अनियमितता बरतने और बिना अनुमति के भुगतान निकालने का आरोप है। उच्चाधिकारियों ने जांच के बाद अधिकारी के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई है।
जांच में सामने आईं गंभीर अनियमितताएं
जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) यतेंद्र सिंह के अनुसार, सहायक विकास अधिकारी देशराज गिरी ने अक्टूबर 2025 में अकराबाद ब्लॉक का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालयों का निर्माण न कराने, बिना अनुमति सीसी सड़क का निर्माण करने और हैंडपंप मरम्मत में गड़बड़ी सहित कई अनियमितताएं मिलीं। इन अनियमितताओं के आधार पर 27 नवंबर 2025 को दीपक कुमार शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
अंडला ब्लॉक में भी मिली गड़बड़ी
अकराबाद से स्थानांतरण के बाद दीपक कुमार शर्मा को खैर तहसील के अंडला ब्लॉक में तैनात किया गया था। वहां भी शिकायत मिलने पर जांच की गई। जांच में सामने आया कि उन्होंने स्टेशनरी व्यय, कंप्यूटर सिस्टम और बैटरी खरीद में गड़बड़ी की। इसके अलावा, क्षतिग्रस्त शौचालयों की मरम्मत नहीं कराई गई, और बैठकों से अनुपस्थित रहे। जांच में यह भी पता चला कि ई-रिक्शा खराब हालत में थे और सामुदायिक शौचालय क्रियाशील नहीं थे।
डीपीआरओ ने की कार्रवाई
डीपीआरओ यतेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत अधिकारी दीपक कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और उन्हें मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। प्रकरण की जांच के लिए गोंडा ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी को नामित किया गया है। जांच पूरी होने के बाद रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी।
