Aligarh news: गैस सिलेंडर के लिए लंबी लाइन, मजदूर से लेकर कारोबारी तक परेशान
अलीगढ़ के सासनीगेट क्षेत्र में इन दिनों गैस सिलेंडर लेने के लिए अजीबोगरीब हालात देखने को मिल रहे हैं। ऑनलाइन बुकिंग और होम डिलीवरी में लगातार आ रही परेशानियों के चलते उपभोक्ताओं को खुद ही सिलेंडर लेने के लिए मैदान तक आना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जयगंज स्थित प्रांजिल भारत गैस एजेंसी और अचल ताल स्थित सेनानी इंडियन गैस एजेंसी के सिलेंडर रोजाना एक खुले मैदान में लोडर वाहनों से उतारे जाते हैं। यहां उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगती है और वे खुद ही सिलेंडर लेकर अपने घरों तक पहुंचाते हैं।
रोजाना 150 से 200 सिलेंडर यहां उतारे जाते हैं। इस भीड़ में सिर्फ मजदूर ही नहीं, बल्कि कारोबारी, होटल और ढाबा संचालक भी शामिल होते हैं। कई लोग स्कूटी और बाइक पर सिलेंडर रखकर ले जाते दिखे, जबकि कुछ उपभोक्ता कार से भी सिलेंडर लेने पहुंचे।
उपभोक्ताओं का कहना है कि घर तक गैस नहीं पहुंचने के कारण उन्हें मजबूरी में लाइन में लगना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह स्थिति रोजाना बनी हुई है, जिससे आम जनता को काफी असुविधा हो रही है।
